सुरजपुर जिले के भटगांव पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई स्कूल में चोरी की गुत्थी, 90 हजार का माल बरामद,
शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय जरही में दीपावली की छुट्टियों के दौरान हुई चोरी का भटगांव पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी का पूरा सामान बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
प्रभारी प्राचार्य संतोष कुमार भारती ने 10 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 06 से 11 नवंबर तक स्कूल बंद था। इसी दौरान चोरों ने स्कूल के पीछे का दरवाजा तोड़कर प्राचार्य कक्ष, लिपिक कक्ष और पुस्तकालय कक्ष से प्रिंटर, कम्प्यूटर सीपीयू, बैटरी, A4 पेपर बंडल और रजिस्टर चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 90,000 हजार रुपये आंकी गई थी।
रिपोर्ट पर थाना भटगांव में अपराध क्र. 215/2026 धारा 331(4) 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा ने तत्काल टीम बनाई। मुखबिर की सूचना पर संदेही को पकड़कर पूछताछ की गई, तो उसने चोरी करना कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर स्कूल के पीछे नर्सरी में झाड़ी में छिपाकर रखा गया चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया।
11 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्यवाही में सउनि राजकिशोर खलखो, प्रआर सुशील मिश्रा, आर. दिनेश ठाकुर, रजनीश पटेल, विनोद प्रताप सिंह और नगर सैनिक बबलू राजवाड़े का विशेष योगदान रहा।

