रायपुर। रायपुर में केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे में क्लर्क की नौकरी दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने वाले दो रेलवे कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपियों में डीएमएस जे. राजशेखर और महिला टीटीई रामा लक्ष्मी शामिल हैं। दोनों को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। जानकारी के अनुसार CBI रायपुर की टीम को शिकायत मिली थी कि रेलवे में क्लर्क पद पर भर्ती कराने के नाम पर एक महिला अभ्यर्थी से मोटी रकम की मांग की जा रही है। शिकायत में बताया गया कि नौकरी दिलाने के एवज में 5 लाख रुपये रिश्वत मांगी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए CBI ने प्राथमिक जांच शुरू की और पूरे मामले की निगरानी की गई।
जांच के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर CBI ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने महिला अभ्यर्थी के माध्यम से रिश्वत की रकम आरोपियों तक पहुंचाने की व्यवस्था की। जैसे ही आरोपी रिश्वत की रकम लेते पाए गए, CBI की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों रेलवे कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत के 5 लाख रुपये नगद भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रेलवे के डीएमएस जे. राजशेखर और महिला टीटीई रामा लक्ष्मी शामिल हैं। CBI अधिकारियों ने दोनों आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ की, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या रेलवे भर्ती के नाम पर इससे पहले भी इसी तरह की वसूली की गई थी। CBI ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। मामले की गंभीरता और आगे की पूछताछ की जरूरत को देखते हुए अदालत ने दोनों आरोपियों को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर CBI को सौंप दिया है। अब CBI 19 मई तक दोनों से गहन पूछताछ करेगी।

