जम्मू। जम्मू के बंतलाब इलाके में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा गिरने से अफरा-तफरी का माहौल हो गया। मलबे के नीचे कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। इस बीच एक व्यक्ति को बचा लिया गया है। बचाव अभियान जारी है। मलबे में छह मजदूर फंस गए थे। दो को बचा लिया गया है। चार मजदूर अभी भी फंसे हुए हैं। पुलिस, सेना और लोकल एडमिनिस्ट्रेशन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।
भाजपा विधायक शाम लाल शर्मा ने कहा कि चार और मजदूर अभी भी फंसे हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि यह एक पुराना पुल था जिसकी नींव कमजोर हो गई थी।एक टेंडर जारी किया गया था और नींव को मजबूत करने का काम शुरू हो गया था। खुदाई के काम के दौरान, एक गाड़ी के ऊपर से गुज़रने की वजह से पुल गिर गया। अधिकारियों ने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे की सही वजह का पता चलेगा।

