नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी, जिसमें सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती होगी। इन नतीजों का असर न सिर्फ संबंधित राज्यों पर, बल्कि राष्ट्रीय राजनीति पर भी पड़ेगा। पुडुचेरी को छोड़कर बाकी चार राज्यों के परिणाम विशेष रूप से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
केरलम में एलडीएफ की हार की स्थिति में एक भी राज्य में नहीं होगी वामपंथ की सरकार
बंगाल का परिणाम न सिर्फ तृणमूल कांग्रेस, बल्कि आईएनडीआइए के लिए भी अहम साबित होगा। केरलम में माकपा के नेतृत्व वाले एलडीएफ की हार की स्थिति में कई दशकों बाद किसी भी राज्य में वामपंथ की सरकार नहीं होगी।
तमिलनाडु में अभिनेता विजय की नई पार्टी टीवीके का प्रदर्शन लगभग पांच दशक से चली आ रही अन्नाद्रमुक और द्रमुक की राजनीति को उलट-पुलट सकता है। असम में भाजपा की लगातार तीसरी जीत पूर्वोत्तर में पार्टी के प्रभुत्व को और मजबूत करेगी। ज्यादातर एक्जिट पोल में बंगाल और असम में भाजपा को आगे दिखाया गया है। साथ ही केरलम में यूडीएफ और तमिलनाडु में द्रमुक की जीत का अनुमान लगाया गया है। सोमवार के चुनाव परिणाम से यह स्पष्ट हो जाएगा कि ये अनुमान चुनावी नतीजों में कितने बदल पाते हैं?
देशभर के लोगों की सबसे अधिक नजर बंगाल पर होगी
पांच राज्यों के चुनाव परिणामों में देशभर के लोगों की सबसे अधिक नजर बंगाल पर होगी। यदि ममता बनर्जी अपनी जमीन बचाने में सफल रही, तो क्षेत्रीय दलों के सामने भाजपा के कमजोर प्रदर्शन के विमर्श को बल मिलेगा।
वहीं ममता बनर्जी की हार की स्थिति में केंद्र की सत्ता में रहने के लिए भाजपा की हिंदी राज्यों पर निर्भरता में कमी आएगी। साथ ही क्षेत्रीय दलों के अपने-अपने राज्यों में अजेय होने का विमर्श खत्म हो जाएगा।
2024 में ओडिशा में नवीन पटनायक और 2025 में दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से सत्ता छीनने के बाद भाजपा एक बार फिर यह साबित करने में सफल होगी कि क्षेत्रीय दलों को उन्हीं के घर में घुसकर चुनौती दी जा सकती है।
अधिकांश एक्जिट पोल भाजपा की बढ़त दिखा रहे हैं, लेकिन आमने-सामने के नजदीकी मुकाबले में बाजी कौन मारता है, यह देखना होगा। केरलम एक बार फिर भाजपा के लिए अबूझ पहेली साबित हो सकता है। अभी तक राज्य विधानसभा में भाजपा का पहली बार खाता 2016 में खुला था। लेकिन, 2021 में भाजपा का एक भी विधायक नहीं जीत पाया।

