गोरखपुर, 0४ मई ।
यात्रियों को निशाना बनाकर सामान व गहने लूटने वाले ‘बिच्छू गैंग’ के सरगना समेत सात आरोपितों को कैंट थाना पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है।पकड़े गए बदमाश फिरोजाबाद और हाथरस जिले के रहने वाले हैं। यह गिरोह आगरा जिले में पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना मुकेश कुमार है, जिस पर 13 मुकदमे दर्ज हैं। उसके सहयोगी अर्जुन पर 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह गिरोह अलग-अलग शहरों में घूमकर वारदात को अंजाम देता है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने रविवार की दोपहर पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुशीनगर जिले के पटहेरवा स्थित लछिया खैरटिया गांव के घनश्याम सिंह अपनी पत्नी विमलावती के साथ सहारनपुर के विजय कालोनी में रहते हैं। 17 अप्रैल की सुबह वह शादी समारोह में शामिल होने अपने गांव जा रहे थे। गोरखपुर में रोडवेज की बस पर सवार हुए। आरोप था कि सामान उन्होंने अंदर रखा, लेकिन कंडक्टर ने बाहर करवा दिया, जिसमें से गहने, सात हजार रुपये व एक साड़ी चोरी हो गई।इस मामले में कैंट थाने में कंडक्टर व छह से सात अज्ञात लोगों पर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। सर्विलांस की मदद से छानबीन करने पर पुलिस को गिरोह के बारे में जानकारी मिली। रविवार की सुबह कैंट थाना पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड से फिरोजाबाद के कॉलोनी लाइनपार स्थित संतनगर चंदवार निवासी विवेक कुमार, ललितेश, नरेंद्र, अर्जुन, नगर खेड़ा स्थित जैन नगर में रहने वाले नीरज कुमार और हाथरस के सहपऊ स्थित उधैना में रहने वाले मुकेश कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरोह भोर में तीन से चार बजे के बीच वारदात करता था, जब सडक़ों पर पुलिस की आवाजाही कम होती है। पकड़े गए आरोपितों के पास से चार हजार रुपये नकद और बैग खोलकर सामान निकालने के उपकरण बरामद हुए हैं। पुलिस जांच में बिच्छू गैंग का सबसे चौंकाने वाला पहलू उनका सुनियोजित तरीका है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह के सदस्य किसी शहर में आकर अलग-अलग होटलों में कमरे लेकर रहते थे। प्रत्येक सुबह 3.30 बजे गैंग लीडर सभी सदस्यों को वाट्सएप काल करके जगाता था। इसके बाद 4.30 बजे के आसपास वाट्सएप पर वीडियो कॉल के जरिए घटना स्थल के बारे में निर्देश दिए जाते थे। इसके बाद सभी सदस्य अपने-अपने ठिकानों से निकलकर बस स्टेशन या रेलवे स्टेशन पर पहुंचते थे।वहां गैंग लीडर शिकार यात्री को चिन्हित करता था और फिर सभी सदस्यों को उनकी भूमिका बता देता था। चिन्हित यात्री के सामान रखने के बहाने सभी सदस्य उसके आसपास एकत्र हो जाते थे और इसी भीड़ में से कोई एक बैग काटकर गहने व सामान निकाल लेता था। इसके बाद वे बारी-बारी से बस से उतरकर फरार हो जाते थे। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने 15 अदद सेफ्टी पिन, 10 अदद फोल्डिंग छोटी चाकू, 10 अदद छोटी कैंची, 1 अदद साड़ी और 4000 रुपये नकद बरामद किए हैं। ये उपकरण बिना शोर किए बैग चीरने में माहिर बताए जाते हैं।पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह गिरोह अन्य राज्यों में भी सक्रिय था। फरार सदस्य ‘बिच्छू’ की तलाश में सर्विलांस टीम को लगाया गया है। गिरोह के सदस्य मुकेश और अर्जुन पर गोरखपुर के अलावा प्रयागराज, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, अलीगढ़, बस्ती, बुलंदशहर, एटा, जौनपुर, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बागपत और मथुरा में मामले दर्ज हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह गिरोह प्रदेश भर वारदातों को अंजाम देता था।
What's Hot
Saturday, June 13
गोरखपुर में यात्रियों से लूटपाट करने वाले बिच्छू गैंग का भंडाफोड़, सरगना समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

