मुंबई। पश्चिम बंगाल चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दी गई बधाई को शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने अनुचित एवं समय से पहले दी गई बधाई करार दिया है।
अपने इंटरनेट मीडिया एकाउंट ‘एक्स’ पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को टैग करते हुए संजय राउत ने लिखा है कि डियर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप महोदय, भारत के एक सांसद के रूप में, मैं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणामों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आपकी बधाई से संबंधित खबरों के जवाब में लिख रहा हूं।
संजय राउत ने आगे लिखा है कि ये राज्य स्तरीय चुनाव हैं। भारत के संघीय लोकतंत्र का आंतरिक मामला है। किसी भी बाहरी समर्थन का होना समय से पहले और अनुचित प्रतीत होता है।
इसी संदेश में राउत चुनाओं में अनियमितता का आरोप लगाते हुए कहते हैं कि इन चुनावों में कई शिकायतों में भय, धमकी और व्यवस्थागत दबाव के माहौल का आरोप लगा गया है।
व्यापक धारणा है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्ष रूप से काम नहीं किया। ऐसा प्रतीत होता है कि उसका कामकाज भाजपा के पक्ष में था। जिससे संस्थागत निष्पक्षता पर भी सवाल उठते हैं। इन चुनावों में केंद्रीय बलों की तैनाती से विश्वास के बजाय दबाव की भावना पैदा हुई है।

