जांजगीर-चांपा। जिला पंचायत कार्यालय के बगल स्थित मानव संसाधन केंद्र भवन में एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घायल युवक की पहचान ग्राम खोखरा निवासी लल्ला राजा उपाध्याय पिता रजनीश उपाध्याय के रूप में हुई है, जो पूर्व में मैसी ट्रैक्टर एजेंसी में सेल्समैन के तौर पर कार्यरत था।
पीडि़त और उसके परिजनों का आरोप है कि ट्रैक्टर एजेंसी संचालक गजेंद्र राठौर एवं उसके सहयोगी विकास सिंह ठाकुर ने युवक को सोमवार को दोपहर में घर से फोन कर बुलाया और फिर मानव संसाधन केंद्र भवन के एक कमरे में बंद कर जबरन शराब पिलाई। इसके बाद बेल्ट, लाठी और डंडों से उसके सिर व शरीर के कई हिस्सों में जमकर मारपीट की गई।
मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर पहुंचे परिजन
परिजनों के मुताबिक, लल्ला उपाध्याय सोमवार को दिन में घर पर खाना खाकर सो रहा था, तभी उसे फोन कर बुलाया गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार को शक हुआ। मंगलवार की सुबह मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर युवक की लोकेशन जिला पंचायत के पास मानव संसाधन केंद्र भवन में मिली। जब परिजन वहां पहुंचे तो अंदर से घायल युवक की आवाज सुनाई दी। आरोप है कि परिजनों ने अधिकारियों से कमरे का ताला खुलवाने का आग्रह किया, लेकिन आनाकानी की गई। इसके बाद मजबूर होकर परिजनों ने ताला तोडक़र कमरे में प्रवेश किया, जहां युवक घायल अवस्था में पड़ा मिला। परिजन तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है।
वेतन मांगने पर भडक़ गए एजेंसी संचालक
घायल युवक के परिजनों का आरोप है कि लल्ला उपाध्याय लंबे समय से अपना बकाया वेतन मांग रहा था। इसी बात से नाराज होकर उसे बुलाया गया और शासकीय भवन में बंधक बनाकर मारपीट की गई। पीडि़त की बहन ने बताया कि उसके भाई के साथ बेहद बेरहमी से मारपीट की गई है और उसे पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया। उन्होंने कहा कि पहले इलाज कराया जा रहा है, इसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल यह खड़ा हो रहा है कि आखिर शासकीय मानव संसाधन केंद्र भवन का उपयोग इस कथित वारदात के लिए कैसे किया गया? आरोपियों को कमरे की चाबी किसने उपलब्ध कराई? रातभर भवन में बंधक बनाकर मारपीट की घटना आखिर किसकी जानकारी और संरक्षण में होती रही? यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह मामला केवल मारपीट का नहीं, बल्कि शासकीय परिसर के दुरुपयोग और सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। घटना के बाद इलाके में भारी चर्चा का माहौल है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस गंभीर आरोप में कितनी तेजी से कार्रवाई करती है और शासकीय भवन के इस्तेमाल की परतें कब तक खुलती हैं।
What's Hot
Saturday, June 13
यातना घर में युवक को बंधक बनाकर एजेंसी संचालक ने पीटा
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

