नईदिल्ली, १४ मई ।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 358 किलो हेरोइन बरामदगी मामले के फरार आरोपित प्रभदीप सिंह उर्फ हैरी को अजरबैजान से भारत वापस लाकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को बाकू से प्रत्यर्पण प्रक्रिया के जरिए दिल्ली लाया गया। इस पूरी कार्रवाई को स्पेशल सेल ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) के सहयोग से अंजाम दिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह 2023 में देश छोडक़र फरार हो गया था। इस मामले में एक अफगान नागरिक सहित 10 आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। स्पेशल सेल के उपायुक्त प्रवीण कुमार त्रिपाठी के मुताबिक, प्रभदीप सिंह लंबे समय से जांच एजेंसियों की निगरानी में था। वह विदेश में बैठे ड्रग माफिया नवप्रीत सिंह उर्फ नव के लिए भारत में नेटवर्क संचालित कर रहा था। नवप्रीत सिंह का आखिरी लोकेशन तुर्की बताया गया है। जांच में सामने आया है कि प्रभदीप भारत में सक्रिय तस्करों तक निर्देश पहुंचाने के साथ-साथ नशे की खेपों की आवाजाही पर नजर रखता था। स्पेशल सेल की तीन सदस्यीय टीम, जिसमें एसीपी विवेक त्यागी, इंस्पेक्टर संजय गुप्ता और सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार शामिल थे, आरोपी को भारत लेकर आई। आरोपित को स्पेशल सेल थाने में दर्ज एफआइआर नंबर 172/21 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में पहले ही 10 आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक अफगान नागरिक भी शामिल है। सभी आरोपितों के खिलाफ अदालत में मुकदमा चल रहा है।
वर्ष 2021 में स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि रिजवान अहमद उर्फ रिजवान कश्मीरी दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर ड्रग तस्करी कर रहा है। पांच जुलाई 2021 को सूचना के आधार पर घिटोरनी इलाके में जाल बिछाकर रिजवान को एक किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अफगान नागरिक ईशा खान के इशारे पर काम करता था। रिजवान की निशानदेही पर पुलिस ने फरीदाबाद में छापेमारी कर पंजाब के गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपित फरीदाबाद से ड्रग नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पूछताछ और निशानदेही के दौरान एक हुंडई वरना कार से 166 किलो और होंडा अमेज कार से 115 किलो हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा आरोपितों के किराये के ठिकाने से 70 किलो हेरोइन और साइकोट्रापिक पदार्थ भी जब्त किए गए थे।इस तरह पुलिस ने कुल 358 किलो हेरोइन बरामद की थी। जांच के दौरान गुरुग्राम से अफगान नागरिक हजरत अली को भी गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से दो किलो हेरोइन और करीब 100 किलो ऐसे रसायन बरामद किए गए थे, जिनका इस्तेमाल नशीले पदार्थ तैयार करने में किया जाता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गुरप्रीत सिंह की मुलाकात पंजाब की कपूरथला जेल में बंद नवप्रीत सिंह उर्फ नव से हुई थी। वहीं से पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की साजिश तैयार की गई और बाद में इसे कई राज्यों तक फैलाया गया। फिलहाल स्पेशल सेल प्रभदीप सिंह से पूछताछ कर ड्रग सिंडिकेट के अन्य सदस्यों, विदेशी नेटवर्क और हवाला कनेक्शन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
What's Hot
Saturday, June 13
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की बड़ी कामयाबी, ३58 किलो हेरोइन केस का वांटेड अजरबैजान से गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

