बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के विराट अपहरण केस में हाई कोर्ट की डिवीजन बेंच ने ताई ( बड़ी मां) समेत सभी पांच दोषियों की अपील खारिज कर दी है।
चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने दोषियों की उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा है। विराट के अपहरण के बाद छह करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी।
कोर्ट ने कहा कि मासूम बच्चों का फिरौती के लिए अपहरण करना गंभीर अपराध है। ऐसे अपराध न केवल पीडि़त परिवार को मानसिक आघात पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में डर और असुरक्षा का माहौल भी पैदा करते हैं।
हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अभियोजन पक्ष ने काल डिटेल रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों के जरिये यह साबित किया है कि यह फिरौती के लिए रची गई एक सोची-समझी आपराधिक साजिश थी। बता दें कि 20 अप्रैल कपड़ा व्यवसायी विवेक सराफ के छह साल के बेटे विराट के अपहरण की साजिश उसकी बड़ी मां नीता सराफ ने ही रची थी। आरोपितों ने बच्चे की आवाज में छह करोड़ रुपये की फिरौती की मांग का आडियो रिकार्ड कर पिता को भेजा।

