नई दिल्ली। कांग्रेस नेतृत्व ने केरलम में मुख्यमंत्री तय करने के लिए निर्णायक अंतिम दौर का विचार-विमर्श तेज कर दिया है।लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने इस क्रम में मंगलवार को केरलम प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षों समेत आधा दर्जन वरिष्ठ नेताओं से राज्य की सत्ता के नए नेतृत्व की पसंद को लेकर उनसे चर्चा की। अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी पार्टी संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से मशविरा कर मुख्यमंत्री का नाम तय करेंगे। पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि अगले चौबीस घंटे में केरलम के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
कांग्रेस हाईकमान से मंगलवार को हुई चर्चा के बाद केरलम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के मुरलीधरन ने भी साफ कहा कि मंगलवार रात या बुधवार सुबह तक मुख्यमंत्री के नाम का एलान हो जाएगा। मुख्यमंत्री का नाम तय करने को लेकर अंतिम दौर की मंत्रणा के क्रम में राहुल गांधी ने मंगलवार को मुरलीधरन समेत कई नेताओं से दस जनपथ पर अलग-अलग बातचीत कर उनकी राय जानी। मुरलीधरन ने यह भी कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे के शाम को बेंगलुरु से लौटने के बाद बातचीत का एक और दौर होगा और वे सोनिया गांधी) से भी बात करेंगे। इसके बाद देर रात या बुधवार सुबह तक सीएम के नाम का एलान हो जाएगा।

