कोरबा। कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में सर्राफा व्यापारियों एवं गोल्ड लोन कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा में संपन्न हुई, जिसमें जिले के सर्राफा व्यापारी, गोल्ड लोन कंपनियों के प्रतिनिधि, वित्तीय संस्थानों के संचालक तथा पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस और अन्य अधिकारियों ने व्यापारियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सर्राफा दुकानें और गोल्ड लोन कंपनियां अपराधियों के निशाने पर रहती हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही भारी नुकसान का कारण बन सकती है।
कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर व्यापारियों को प्रत्येक प्रतिष्ठान में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि कैमरे इस प्रकार लगाए जाएं जिससे दुकान के अंदर और बाहर की गतिविधियों पर स्पष्ट नजर रखी जा सके। साथ ही सीसीटीवी रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखने और समय-समय पर सिस्टम की जांच कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में दुकानों और कार्यालयों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को प्रशिक्षित एवं सत्यापित सुरक्षा गार्ड रखने की सलाह दी। इसके अलावा नकदी और आभूषणों के परिवहन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड रखने और उनके आधार कार्ड, मोबाइल नंबर तथा पते की जानकारी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।
कोरबा जिला पुलिस ने व्यापारियों को संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहने की भी सलाह दी। अधिकारियों ने कहा कि दुकान में आने वाले ऐसे व्यक्तियों पर विशेष नजर रखें जो संदिग्ध गतिविधियां करते नजर आएं। खासतौर पर मास्क पहनकर आने वाले लोगों की पहचान सुनिश्चित किए बिना उन्हें कीमती सामान नहीं देने की हिदायत दी गई। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या डायल 112 पर दी जाए।
उक्त बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से समन्वय बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी मामलों में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज और व्यापारियों की सतर्कता भी उतनी ही जरूरी है।
कोरबा पुलिस ने बताया कि ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत जिलेभर में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों, व्यापारियों और वित्तीय संस्थानों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमित बैठकें, जागरूकता कार्यक्रम और प्रभावी कार्यवाही जारी रहेगी।
Wednesday, May 20
सर्राफा व्यापारियों और गोल्ड लोन कंपनियों की सुरक्षा को लेकर कोरबा पुलिस ने ली बैठक
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

