नई दिल्ली। मुकदमेदार की सबसे बड़ी मुश्किल यही होती है कि वह अपने मुकदमे की स्थित का पता कैसे लगाए। कैसे जाने कि अदालत में उसका केस कहां लगा है कब लगा है और उसमें कब क्या निर्णय हुआ है। लेकिन अब ये बहुत आसान हो गया है। देश भर में अदालती सेवाओं तक जनता की पहुंच में सुधार लाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण डिजिटल पहल ”वन केस वन डाटा” की शुरुआत हुई है। जिसमें सभी उच्च न्यायालयों , जिला न्यायालयों और तालुका न्यायालयों की बहुस्तरीय जानकारी को एकीकृत प्रणाली में जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा एआइ चैटबाट ”सु सहायक” भी लॉन्च हुआ है जो सुप्रीम कोर्ट में लंबित केस की पूरी जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध कराएगा।
भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने सोमवार को इस नयी पहल की जानकारी दी। अब सुप्रीम कोर्ट की वेबसाइट पर कोने में कोर्ट के गुंबद की फोटो के साथ गोलाई में नाचता सुप्रीम कोर्ट आफ इंडिया दिखता है जिस पर क्लिक करने से सामने उपस्थित हो जाता है एआइ चैपबाट ”सु सहायक” जो पूछता है, हाउ मे आइ हेल्प यू (मैं आपकी कैसे मदद कर सकता हूं)। इसके जरिए सुप्रीम कोर्ट के केस की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

