कोरबा। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन परिसर में भव्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में आमजन पहुंचे और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं, शिकायतों एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त किया। इस दौरान महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण ही सुशासन की असली पहचान है और प्रदेश सरकार इसी संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
महापौर श्रीमती राजपूत ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप जनता तक योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी सीधे आमजन से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं तथा मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।
रविशंकर नगर जोन में लगा चौथा बड़ा शिविर
नगर निगम क्षेत्र में आयोजित यह चौथा सुशासन तिहार शिविर था। इससे पहले कोरबा, टीपी नगर और कोसाबाड़ी जोन में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। रविशंकर नगर जोन कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों और नगर निगम के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ शिकायतों का निराकरण भी किया गया।
महापौर श्रीमती राजपूत ने कहा कि जब उन्होंने नगर निगम की जिम्मेदारी संभाली थी, तब शहर के कई वार्डों में मूलभूत समस्याएं थीं, लेकिन उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन और निगम प्रशासन के सहयोग से अब समस्याओं का तेजी से समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘महापौर की पाती’ योजना के माध्यम से भी नागरिकों की शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण किया जा रहा है।
झुग्गी बस्तीवासियों को मिलेगा मालिकाना हक
महापौर ने कहा कि उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन का सपना था कि झुग्गी बस्तियों में रहने वाले लोगों को उनके घरों का मालिकाना हक मिले और अब यह सपना साकार होने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पात्र परिवारों को पट्टा प्रदान कर स्थायी अधिकार दिलाया जाएगा।योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का त्वरित समाधानसभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा जनकल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और सुशासन तिहार शिविर इन योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, साफ-सफाई, राशन कार्ड, आधार कार्ड सहित अन्य समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है।वरिष्ठ पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों की शिकायतों का तत्काल निराकरण हो सके। वहीं पार्षद श्री अब्दुल रहमान ने इसे राज्य सरकार की जनहितैषी और सराहनीय पहल बताया।

