नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर तेजी से बढ़ता दिखाई दे रहा है। ईरान की शीर्ष सैन्य नेतृत्व टीम की सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद ईरानी सेना को नए रणनीतिक निर्देश जारी किए गए हैं।
इस बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिका और इजरायल समर्थित ताकतों को चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी हमले का तेज, कठोर और निर्णायक जवाब दिया जाएगा। यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य में लगातार समुद्री घटनाएं, तेल टैंकरों पर कथित हमले और ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच बढ़ता टकराव क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर रहा है।
मोजतबा खामेनेई से मिले ईरानी सैन्य प्रमुख
ईरानी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के सशस्त्र बलों की यूनिफाइड कमांड के प्रमुख अली अब्दोल्लाही ने मोजतबा खामेनेई से मुलाकात की। बैठक में खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति, सैन्य तैयारियों और मौजूदा तनाव पर विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि बैठक का मुख्य फोकस हालिया समुद्री घटनाओं और वाणिज्यिक जहाजों पर कथित हमलों के बाद संभावित सैन्य प्रतिक्रिया की तैयारी पर था। इससे यह संकेत मिलता है कि ईरान के राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के बीच उच्च स्तर पर लगातार समन्वय जारी है।

