
रायपुर,आबकारी आयुक्त पी.एस.अलमा के निर्देश पर दुर्ग संभाग की उड़नदस्ता टीम ने राजनांदगांव की दो शराब दुकानों में छापेमार कार्रवाई की। यह कार्रवाई शराब की बोतलों पर तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने की शिकायत मिलने के बाद की गई।
टीम ने दोनों दुकानों पर फर्जी ग्राहक (डमी कस्टमर) भेजकर शराब खरीदी। जांच में दोनों दुकानों पर तय सरकारी कीमत से 100 रुपये ज्यादा वसूलते हुए दो सेल्समैन पकड़े गए।
आप को बता दें राजनांदगांव के रेवाडीह-01 स्थित कंपोजिट शराब दुकान पहुंची। यहां डमी ग्राहक के जरिए 20 पाव सुप्रीमो व्हिस्की खरीदी गई। इसकी सरकारी कीमत 2400 रुपए थी,लेकिन दुकान में मौजूद सेल्समैन हरीश साहू ने 2500 रुपए वसूल लिए।यानी ग्राहक से 100 रुपए ज्यादा लिए गए।
इसके बाद उड़नदस्ता टीम मंडी बाईपास लखोली रोड स्थित कंपोजिट शराब दुकान पहुंची। यहां भी डमी ग्राहक ने 20 पाव जम्मू स्पेशल व्हिस्की खरीदी। इसकी तय कीमत 2400 रुपए थी, लेकिन सेल्समैन शुभम कुमार ने 2500 रुपए वसूल लिए। यहां भी 100 रुपए ज्यादा वसूले गए।
जांच में ओवररेटिंग की पुष्टि होने के बाद आबकारी विभाग ने दोनों सेल्समैन हरीश साहू और शुभम कुमार के खिलाफ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 39 (ग) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
आबकारी विभाग ने कहा कि शराब दुकानों में तय कीमत से ज्यादा पैसे वसूलने वालों को किसी भी हालत में नहीं बख्शा जाएगा। आगे भी शिकायत मिलने पर इसी तरह जांच की जाएगी और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

