नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने सोने की तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कस्टम अधिकारियों ने खुफिया जानकारी और रिस्क बेस्ड प्रोफाइलिंग के आधार पर जाल बिछाकर सैन फ्रांसिस्को से आए एक भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपित अपने कपड़ों में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर 115 सोने के बिस्किट (गाेल्ड बार) भारत ला रहा था। जब्त किए गए सोने का कुल वजन करीब 3.5 किलो है।
ग्रीन चैनल पार करने की फिराक में था तस्कर
कस्टम अधिकारियों के मुताबिक आरोपित 15 जुलाई को सैन फ्रांसिस्को से एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआइ-4174 के जरिए दिल्ली पहुंचा था। वह इंटरनेशनल अराइवल टर्मिनल पर कस्टम अधिकारियों की नजरों से बचकर चुपके से ”ग्रीन चैनल” पार करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन पहले से ही गुप्त निगरानी पर तैनात यूनिट की टीम ने उसकी संदिग्ध हरकतों को भांप लिया और उसे रोक लिय.
विशेष बेल्ट और पैंट की जेबों में छुपाया था खजाना
जब यात्री और उसके सामान की व्यवस्थित तरीके से व्यक्तिगत तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए। आरोपित ने सोने को छिपाने के लिए एडवांस तकनीक और शातिर दिमाग का इस्तेमाल किया था। उसने एक विशेष रूप से डिजाइन की गई बेल्ट पहन रखी थी और अपनी ट्राउजर के अंदरूनी हिस्सों में गुप्त जेबें बना रखी थीं।

