मुंबई, 0२ मई ।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इसके तहत उसने मुंबई में लगभग 1,745 करोड़ रुपये मूल्य की 349 किलोग्राम हाई-ग्रेड कोकेन जब्त की है। यह जब्ती इसलिए अहम है क्योंकि देश में हर वर्ष औसतन 200-300 किलोग्राम कोकेन ही जब्त की जाती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर इस जब्ती की घोषणा करते हुए कहा कि यह जमीनी स्तर से शीर्ष स्तर तक (बाटम-टू-टॉप) की रणनीति का एक उत्कृष्ट उदाहरण है जिसमें एजेंसी ने एक छोटी खेप का पता लगाकर एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। इस ऐतिहासिक सफलता के लिए एनसीबी टीम को हार्दिक बधाई। साथ ही कहा, हम नशीले पदार्थों के गिरोह को बेरहमी से कुचलने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं। गृह मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक के तहत एनसीबी की यह सफलता छह महीने से अधिक समय तक खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी का नतीजा है। सटीक एवं भरोसेमंद जानकारियों के आधार पर एनसीबी की कई टीमों ने कलंबोली-भिवंडी कॉरिडोर (नवी मुंबई-ठाणे इलाका) में एक साथ छापेमारी की। इससे कोकेन की आपूर्ति करने वाले एक बेहद संगठित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ।
इस ऑपरेशन के पहले चरण में एनसीबी के अधिकारियों ने नवी मुंबई के कलंबोली स्थित केडब्ल्यूसी वेयरहाउसिंग कांप्लेक्स (सेक्टर केडब्ल्यूसी) के पास एक मारुति सुजुकी सुपर कैरी व्हीकल (एमएच-03-डीवी-3803) को रोका।तलाशी लेने पर उसमें से कोकेन के 136 पैकेट मिले और हर पैकेट का वजन लगभग एक किलोग्राम था। ये पैकेट गत्ते के डिब्बों में रखे थे, जिनके अंदर कोकेन को क्रिकेट पैड और ग्लव्स के बीच छिपाकर रखा गया था।मौके से एक आरोपित (व्हीकल का ड्राइवर) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में उसने बताया कि भिवंडी (जो गोदामों का एक बड़ा केंद्र है) में कोकेन की एक और खेप छिपाकर रखी गई है। मंत्रालय ने बताया कि एनसीबी की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए भिवंडी (जिला ठाणे) के रेहनाल गांव स्थित लक्ष्मण परिसर में एक गोदाम में दूसरे चरण का आपरेशन चलाया। इस दौरान कोकेन के 213 और पैकेट (प्रत्येक एक किलोग्राम का) बरामद किए गए।
जांच में पता चला कि कोकेन को आयात की गई मशीनरी के अंदर छिपाकर रखा गया था। उसके हर पैकेट को अलग-अलग तरह की पालीथीन की नौ परतों में लपेटा गया था, जिसमें एक परत काले रंग के चिकने पदार्थ की भी थी।एनसीबी का कहना है कि भिवंडी के गोदामों का इस्तेमाल इस बात का संकेत है कि कोकेन की तस्करी के लिए एक सुनियोजित आपूर्ति श्रृंखला का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसमें कोकेन छिपाकर रखी गई मशीनरी का आयात करना, गोदामों में कोकेन के पैकेटों को छिपाकर रखना और फिर उन्हें वहां से निकालकर आगे आपूर्ति करना शामिल था।एनसीबी रैकेट के सरगना की तलाश में है और खेप के हैंडलरों, फाइनांसरों व इसके प्राप्तकर्ताओं को पकडऩे के लिए गहन जांच कर रही है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब कुछ दिन पहले ही ड्रग्स तस्कर और अंतरराष्ट्रीय आतंकी दाऊद इब्राहिम के करीबी सलीम डोला को तुर्किये से भारत लाया गया है।
What's Hot
Saturday, June 13
मुंबई में कोकेन का महाभंडाफोड़: एनसीबी ने जब्त की 1745 करोड़ की ड्रग्स, अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

