कोरिया बैकुंठपुर। बैकुंठपुर क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया है, वहीं बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए यह मौसम और भी कठिन साबित हो रहा है। ऐसे संकट के समय में गौ रक्षा वाहिनी संगठन द्वारा सराहनीय पहल करते हुए गोवंशों और पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। गौ रक्षा वाहिनी के अनुराग दुबे तथा संगठन के सदस्यों ने बताया कि क्षेत्र में गोवंशों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से लगभग 125 नाद (पानी के टांके) वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें से अब तक 100 से अधिक नाद का वितरण किया जा चुका है। इन नादों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर गोवंशों के लिए पानी की समुचित व्यवस्था की जा रही है, जिससे उन्हें भीषण गर्मी में राहत मिल सके। इसके साथ ही, पक्षियों के लिए भी विशेष पहल की गई है। संगठन द्वारा निशुल्क सकोर (पानी के छोटे पात्र) तैयार कराए गए हैं, जिन्हें आम नागरिक अपने घरों के पेड़ों या छायादार स्थानों पर रख सकते हैं। इन सकोरों में पानी भरकर रखने से पक्षियों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सकेगा और उनकी प्यास बुझाई जा सकेगी। गौ रक्षा वाहिनी संगठन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें और अपने घरों के आसपास पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें। यदि किसी को सकोर की आवश्यकता है, तो वे संगठन से संपर्क कर इसे निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं। संगठन का एकमात्र संकल्प है कि इस भीषण गर्मी में कोई भी पशु-पक्षी प्यास से परेशान न हो और उन्हें हर संभव राहत मिल सके। यह पहल न केवल मानवता का उदाहरण है, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाती है।
What's Hot
Saturday, June 13
भीषण गर्मी में बेजुबान पशु-पक्षियों के लिए आगे आया गौ रक्षा वाहिनी संगठन
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

