कोरिया बैकुंठपुर। जिले में सुशासन तिहार-2026 के तहत जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलास्तरीय शिविरों की शुरुआत की जा रही है। कलेक्टरेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने इस अभियान को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। सीईओ डॉ. चतुर्वेदी ने सभी जिलास्तरीय एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निराकरण किया जाए तथा हितग्राही मूलक सामग्रियों का भी वितरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में नागरिकों के साथ व्यवहार को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। सीईओ ने निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले ग्रामीणों से विनम्रता और शालीनता के साथ संवाद किया जाए तथा यदि आवेदन में कोई कमी हो तो उन्हें भरने में सहयोग किया जाए। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि एक आवेदन में केवल एक ही समस्या या मांग का उल्लेख करें, ताकि उसका त्वरित और प्रभावी निराकरण किया जा सके। प्रशासन द्वारा शिविरों में प्राप्त आवेदनों की डिजिटल प्रक्रिया को भी प्राथमिकता दी जा रही है। निर्देश दिए गए हैं कि सभी आवेदनों को मौके पर ही स्कैन कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाए और मूल आवेदन संबंधित जनपद पंचायत को भेजे जाएं। इसके साथ ही ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया है। जिला सूचना अधिकारी (डीआईओ) सुखदेव पटेल ने अधिकारियों को पोर्टल संचालन, यूजर आईडी एवं अपलोड प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। सीईओ ने बताया कि बैकुण्ठपुर एवं सोनहत जनपद पंचायत क्षेत्रों के क्लस्टरवार ग्रामों में 11 दिवसीय शिविर आयोजित किए जाएंगे, जबकि जिले के तीनों नगरीय निकायों बैकुंठपुर, शिवपुर-चरचा तथा पटना में तीन दिवसीय शिविर लगाए जाएंगे। शिविर स्थलों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें साफ पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने जनपद पंचायत एवं नगरीय निकायों के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से सतत संपर्क बनाए रखने और उन्हें शिविरों में आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को समय पर शिविर स्थलों पर पहुंचकर अपनी-अपनी योजनाओं की जानकारी आमजन को देने को कहा गया।
What's Hot
Saturday, June 13
शिविरों में मौके पर होगा समाधान हितग्राहियों को मिलेगा सीधा लाभ
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

