मनेन्द्रगढ़। देश में लगातार बढ़ रही महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी एमसीबी के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी चौक पर महिला कांग्रेस के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सिलेंडर, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हाथों में तख्तियां लिये कार्यकर्ताओं ने महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग उठाई और आम जनता को राहत देने की बात कही। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने अपने संबोधन में कहा कि बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। ईंधन और खाद्य सामग्री के दामों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन संकट में आ गया है। उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। कांग्रेस पार्टी जनता के हित में सडक़ से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। पूनम सिंह ने कहा कि महंगाई ने आम लोगों का जीना दूभर कर दिया है। रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है जिससे परिवार चलाना कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे पर लगातार आंदोलन कर रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। महिला जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) श्रीमती निर्मला चतुर्वेदी ने कहा कि महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं पर पड़ रहा है। रसोई गैस और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से घर का बजट संभालना मुश्किल हो गया है। उन्होंने सरकार से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की। महिला जिला अध्यक्ष (शहरी) श्रीमती रूमा चटर्जी ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार महंगाई रोकने में नाकाम रही है। जनता परेशान है लेकिन सरकार केवल वादों तक सीमित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द राहत नहीं दी गई तो आंदोलन को और तेज किया जायेगा। प्रदर्शन में गुलाब कमरो (पूर्व विधायक), कृष्ण मुरारी तिवारी (पूर्व नपा उपाध्यक्ष), श्रीमती रूमा चटर्जी, श्रीमती निर्मला चतुर्वेदी, रुक्मिणी खोपरागढ़े, पूनम सिंह, नीलिमा शामल, ज्योति मजूमदार, राधा सरकार, बबीता यादव, ममता रजक, मोहिनी महतो सहित बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को प्रभावी और ऊर्जावान बना दिया।
What's Hot
Saturday, June 13
महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सरकार पर साधा निशाना
Previous Articleपेड़ गिरने से तीन मकानों को नुकसान
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

