चंडीगढ़। शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, चंडीगढ़ पर मंगलवार दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई, जब इंडिगो की फ्लाइट 6E108 के लैंड होने के तुरंत बाद विमान के अंदर अचानक धुआं फैल गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान में सीट नंबर 39-40 के पास रखे एक पावर बैंक में विस्फोट होने से यह हादसा हुआ, जिसके बाद कुछ ही पलों में धुआं पूरे कैबिन में फैल गया और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थिति को बिगड़ता देख विमान में मौजूद एयर होस्टेस और क्रू मेंबर्स ने तुरंत फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग और धुएं पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकिस विमान के भीतर धुआं भरने और घबराहट के कारण यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
पांच-छह यात्री घायल
इसके बाद विमान को पार्किंग बे पर खड़ा कर इमरजेंसी गेट खोले गए और यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइडर के जरिए तेजी से नीचे उतारा गया। इस दौरान स्लाइडर से उतरते समय 5 से 6 यात्री घायल हो गए, जिनमें कुछ वरिष्ठ नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
रेस्क्यू के दौरान चोटिल हुई महिला
एक यात्री सौरभ ने बताया कि वह अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ गोवा से हैदराबाद होते हुए चंडीगढ़ लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी स्लाइडर से नीचे उतरते समय उनकी पत्नी का पैर मुड़ गया। बाद में एयरपोर्ट अथॉरिटी और इंडिगो स्टाफ उन्हें जीरकपुर वीआईपी रोड स्थित एएम केयर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच में पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई। डाक्टरों ने अब ऑपरेशन की सलाह दी है।

