नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को फर्जी डिग्री धारक वकीलों पर चिंता जताते हुए कड़ी टिप्पणियां कीं। चीफ जस्टिस ने कहा काले वस्त्र पहने हजारों घूम रहे हैं जिनकी डिग्रियों पर गंभीर संदेह है। सीबीआई को इसकी जांच करनी चाहिए। सीबीआई को कुछ करना होगा। कोर्ट इतने पर ही नहीं रुका सीनियर वकील का दर्जा मांग रहे एक वकील की याचिका पर नाराजगी जताते हुए शीर्ष अदालत ने ये भी कहा कि कुछ युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जिन्हें न तो कोई रोजगार मिलता है और न ही पेशे में कोई जगह, उनमें से कुछ सोशल मीडिया में चले जाते हैं, कुछ आरटीआई कार्यकर्ता बन जाते हैं और फिर हर किसी पर हमला करना शुरू कर देते हैं।
ये कड़ी टिप्पणियां प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और जोयमाल्या बाग्ची की पीठ ने एक वकील द्वारा सीनियर का दर्जा मांगने वाली याचिका पर नाराजगी जताते हुए कीं।
चीफ जस्टिस ने याचिकाकर्ता द्वारा सोशल मीडिया पर इस्तेमाल की गई भाषा पर भी आपत्ति जताई। कहा लोगों को समझने दीजिए कि आप फेसबुक पर किस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। मैं आपको दिखाउंगा कि पेशे में अनुशासन का क्या मतलब होता है।

