सूरजपुर। रोड रेलवे स्टेशन के बाहर पुलिस की पैनी नजर ने नशे के उस खेल का पर्दाफाश कर दिया, जो युवाओं की नसों में जहर घोलने की तैयारी में था। अम्बिकापुर-दुर्ग ट्रेन से उतरकर स्टेशन के बाहर खड़े एक युवक की घबराहट और भागने की कोशिश ने पूरा राज खोल दिया। सूरजपुर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोचा और उसके झोले से 75 हजार रुपये कीमत के 100 नशीले इंजेक्शन बरामद किए, जिनमें एविल और रेक्सोजेसिक इंजेक्शन शामिल हैं। पकड़ा गया आरोपी मदनेश्वर प्रसाद पिता स्वर्गीय राम रतन उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम सोनपुर चौकी बसदेई का रहने वाला है, जो मध्यप्रदेश के एक जिले के मेडिकल स्टोर से नशीली इंजेक्शन खरीदकर सूरजपुर ला रहा था। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि एक व्यक्ति ने उसे 20 हजार रुपये देकर नशीली इंजेक्शन मंगाने भेजा था। डीआईजी एवं एसएसपी श्री प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिलेभर में चल रही नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के बीच चौकी बसदेई पुलिस लगातार वाहनों और संदिग्ध लोगों की निगरानी कर रही थी। 13 मई 2026 को रोड पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस टीम सूरजपुर रोड रेलवे स्टेशन पहुंची थी, जहां ट्रेन से आने-जाने वाले यात्रियों से पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान हाथ में झोला लिए खड़ा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 50 नग एविल इंजेक्शन और 50 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन बरामद हुए। मामले में चौकी बसदेई पुलिस ने अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल, महिला प्रधान आरक्षक अलका टोप्पो, देवदत्त दुबे, आदित्य यादव, अशोक केंवट और निलेश जायसवाल की अहम भूमिका रही। फिलहाल सूरजपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
Wednesday, May 20
मध्यप्रदेश से लाई जा रही थी नशे की खेप, सूरजपुर में तस्कर गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

