नई दिल्ली। पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में रविवार को आंधी के साथ बारिश हुई तो कश्मीर के उड़ी में बारिश के कारण लगामा में हुए भूस्खलन से उड़ी-बारामुला राजमार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया है।
आज दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश समेत 10 से अधिक राज्यों में ओलावृष्टि और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं का अलर्ट है।
हिमाचल में कई स्थानों पर आंधी व वर्षा
हिमाचल में कई स्थानों पर आंधी व वर्षा से कृषि और बागवानी को नुकसान पहुंचा है। कुछ स्थानों पर घरों की छतें उड़ गईं तो कई जगह आंधी के कारण पेड़ उखड़ गए।
दिल्ली के लिए तेज तूफान और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट
दिल्ली के लिए तेज तूफान और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज जनजीवन पर भारी पड़ रहा है। पहाड़ से मैदान तक तेज बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ से कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं।
देहरादून समेत कई क्षेत्रों में पेड़ और बिजली के पोल गिरने से नुकसान हुआ, जिससे बिजली व पेयजल आपूर्ति बाधित रही। चमोली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वर्षा और निचले इलाकों में ओलावृष्टि हुई। कुमाऊं क्षेत्र में भी भूस्खलन और पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ।
देहरादून, टिहरी, नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल सहित सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए अगले दो दिन तेज बारिश, आकाशीय बिजली और 40-50 किमी प्रति घंटे की हवाओं की चेतावनी दी है।
कश्मीर में उड़ी-बारामुला राजमार्ग पर भारी मलबा
कश्मीर में उड़ी-बारामुला राजमार्ग पर भारी मलबा और कीचड़ जमा हो गया है, जिसे हटाने का काम जारी है। प्रशासन ने यात्रियों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से सफर करने की सलाह दी है। जम्मू समेत अन्य कई हिस्सों में भी तड़के धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हुई।
उप्र में रविवार को आंधी-पानी के बीच पेड़ और दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। इस दौरान सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति चरमरा गई। हालांकि, सभी जिलों में गर्मी से राहत महसूस की जा रही है।
राजस्थान में धूलभरी हवाओं, तूफान और बारिश का दौर
राजस्थान में धूलभरी हवाओं, तूफान और बारिश का दौर रविवार को चौथे दिन में जारी रहा। अजमेर में तूफान के कारण एक मकान की छत गिर गई। कई जिलों में पेड़ गिर गए। अलवर जिले में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

