रायपुर: संकटकाल में समस्याओं से उबरने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के ‘बचत’ की अपील पर छत्तीसगढ़ सरकार गंभीर नजर आ रही है। यही वजह है कि, प्रदेश सरकार अब पीएम के अपील पर बड़े फैसले लेने वाली है। जानकारी के मुताबिक़ पेट्रोल-डीजल के न्यूनतम इस्तेमाल के अपील पर अब छत्तीसगढ़ सरकार सरकारी वाहनों के ईंधन आबंटन में कटौती कर सकती है। खुद सीएम साय ने इसके संकेत दिए है। इस बारें में सीएम साय ने कहा हैं कि, वह जल्द ही पीएम के अपील पर ईंधन के कटौती पर निर्णय लेंगे।
गौरतलब है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संभावित वैश्विक संकट को देखते हुए देशवासियों से अपील की कि जहां संभव हो वहां निजी वाहनों की बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। मेट्रो सेवा वाले शहरों में मेट्रो यात्रा को प्राथमिकता देने की सलाह दी गई। इसके साथ ही उन्होंने कारपूलिंग को बढ़ावा देने की बात भी कही, जिससे ईंधन की खपत को कम किया जा सके। प्रधानमंत्री ने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को भी बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि EV का अधिक उपयोग भविष्य की दिशा तय करेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कोविड-19 महामारी के दौरान अपनाए गए वर्क फ्रॉम होम मॉडल को फिर से अपनाने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हित को देखते हुए ऑनलाइन मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि अनावश्यक यात्रा से बचा जा सके और विदेशी मुद्रा की बचत हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि गैर-जरूरी विदेश यात्राओं को कुछ समय के लिए टालना चाहिए, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सके। इसके अलावा उन्होंने विदेशों में शादियों और छुट्टियों पर बढ़ते खर्च को लेकर भी चिंता जताई और मध्यम वर्ग से संयम बरतने की अपील की। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि भारत ऊर्जा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भारत ने दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। इसके साथ ही पेट्रोल में एथनॉल मिश्रण और सीएनजी के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार एलपीजी कवरेज के बाद अब गैस पाइपलाइन नेटवर्क को मजबूत करने पर काम कर रही है, जिससे ऊर्जा की किफायती और सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि भारत वर्तमान वैश्विक ऊर्जा संकट का प्रभावी ढंग से सामना कर रहा है और ‘सुधार और विकास’ के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

