नई दिल्ली। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने रविवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आइयूएमएल) के दबाव में केरलम के मुख्यमंत्री के रूप में वीडी सतीशन का चयन किया है। वह कांग्रेस विधायकों की पसंद नहीं थे।
उन्होंने कांग्रेस को ”इस्लामिक नेशनल खलीफा” करार देते हुए उसे हिंदू विरोधी बताया। पूनावाला ने कहा- ”हमने पहले ही कहा था कि सतीशन कांग्रेस के मुख्यमंत्री नहीं हैं, बल्कि मुस्लिम लीग के पहले मुख्यमंत्री के रूप में चुने गए हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में कांग्रेस हाई कमान ने सतीशन का नाम मुस्लिम लीग और जमात के दबाव के कारण चुना। उन्होंने आगे कहा- ”मुस्लिम लीग सोचती है कि अब जब उनकी सरकार केरलम में सत्ता में आ गई है तो वे कुछ भी कर सकते हैं और वह एक मुस्लिम इस्लामिक गणराज्य बनाना चाहते हैं।”

