खैरागढ़– विद्युत लाइन के पास पेड़ कटाई के दौरान शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से बिजली विभाग के ठेका कर्मी हेमंत साहू की मौके पर ही हालत बिगड़ गई। साथी कर्मचारी उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान ग्राम पेंड्रीकला निवासी 45 वर्षीय हेमंत साहू पिता स्वर्गीय बंशीलाल साहू के रूप में हुई है। हेमंत शनिवार सुबह अन्य कर्मचारियों के साथ टोलागांव क्षेत्र में विद्युत लाइन के आसपास पेड़ों की छंटाई के काम में लगा था। काम के दौरान पेड़ की एक डाल अचानक चालू विद्युत लाइन से छू गई। हेमंत तेज करंट की चपेट में आ गया और वहीं गिर पड़ा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने तुरंत उसे खैरागढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद मौत की पुष्टि की। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाया गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

