सक्ती। सक्ती शहर में महामाया मंदिर के पास स्थित दर्री तालाब क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर गंभीर हालात बन गए हैं। तालाब किनारे की सडक़ जर्जर हो चुकी है और कई बिजली के खंभे खतरनाक तरीके से तालाब की ओर झुक गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो यहां बड़ा हादसा हो सकता है।
दर्री तालाब के किनारे बनी सडक़ कई जगहों से धंस चुकी है। किनारे टूटकर कमजोर हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को लगातार खतरा बना रहता है। तालाब के किनारे बाउंड्रीवाल नहीं होने से रात के समय बाइक सवारों के सीधे पानी में गिरने की आशंका भी जताई जा रही है। बरसात के मौसम में मिट्टी का कटाव तेज होने से सडक़ के और धंसने का खतरा है। ऐसे में यह रास्ता कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है, जबकि यह क्षेत्र शहर के प्रमुख आवागमन मार्गों में शामिल है। स्थिति का सबसे चिंताजनक पहलू बिजली के खंभे हैं, जो तालाब की ओर झुक गए हैं। यदि इनमें से कोई खंभा गिरता है, तो वह सीधे तालाब में जा सकता है। इससे पानी में करंट फैलने का खतरा है, जो वहां नहाने या आसपास मौजूद लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।यह मार्ग महामाया मंदिर तक पहुंचने का प्रमुख रास्ता है, जहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
इसके बावजूद नगर पालिका और बिजली विभाग की ओर से अब तक मरम्मत या सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं किए गए हैं। हैरानी की बात यह भी है कि यह इलाका नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों के निवास के बेहद करीब है, फिर भी समस्या की लगातार अनदेखी हो रही है।
इस पूरे मामले पर नगर पालिका सक्ती के ष्टरूह्र प्रह्लाद पांडे का कहना है कि पिछले साल बारिश में तालाब किनारे की रिटर्निंग वॉल टूट गई थी। इस साल उसके निर्माण के लिए शासन से स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जल्द ही निर्माण कार्य कराया जाएगा। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सडक़ की तत्काल मरम्मत, किनारों की मजबूती और झुके हुए बिजली खंभों को ठीक किया जाए। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो दर्री तालाब क्षेत्र में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन पर ही होगी।
What's Hot
Saturday, June 13
सक्ती के दर्री तालाब में खतरे की घंटी
Previous Articleसीएमडीसी अध्यक्ष ने उदासीन रवैये पर अफसरों को फटकारा
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

