कोरबा। अगर छत्तीसगढ़ बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा में नंबर कम आए हैं, एक या दो विषय में फेल (पूरक) हो गए हैं, या फिर पूरी तरह से फेल हो गए हैं, तो छात्र-छात्राओं को अभी निराश होने की जरूरत नहीं है। छग माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) रायपुर ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के लिए द्वितीय मुख्य परीक्षा 2026 (दूसरी बोर्ड परीक्षा) के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर है। राहत देने वाली बात यह भी है कि जो छात्र पास हो गए हैं, लेकिन अपने नंबरों से खुश नहीं वे भी अपना रिजल्ट सुधारने इस परीक्षा में बैठ सकते हैं।माशिमं के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी की अवसर परीक्षा के लिए आवेदन 4 मई से शुरू होकर 30 मई तक ऑनलाइन भरे जाएंगे। छात्रों को केवल सामान्य परीक्षा शुल्क ही देना होगा। बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि इस दूसरी मुख्य परीक्षा में वे सभी छात्र-छात्राएं शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने पहली मुख्य परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया था। यह दूसरी मुख्य परीक्षा न सिर्फ फेल छात्रों का साल बचाएगी, बल्कि कम नंबर पाने वाले और सेकंड या थर्ड डिवीजन में पास होने वाले हजारों छात्रों को अपना रिजल्ट संवारने का एक और सुनहरा अवसर देगी। जो नियमित परीक्षार्थी हैं, वे सीधे अपने स्कूल जाकर वहां से आवेदन कर सकते हैं। वहीं, स्वाध्यायी (प्राइवेट) और अवसर परीक्षा वाले छात्र अपनी समन्वय संस्थाओं के माध्यम से फॉर्म जमा कर सकते हैं। अगर कोई छात्र पास है, लेकिन उसे लगता है कि नंबर और अच्छे आने चाहिए थे (जैसे सेकंड या थर्ड डिवीजन वाले), तो वह भी श्रेणी सुधार (डिवीजन इम्प्रूवमेंट) के लिए फॉर्म भर सकता है।: जो विद्यार्थी एक या दो विषय में फेल होकर पूरक (सप्लीमेंट्री) आ गए हैं या फिर पूरी तरह से फेल हो गए हैं, उनके लिए यह साल बचाने का बेहतरीन मौका है।: मुख्य परीक्षा 2025 में पहली बार रजिस्ट्रेशन कराकर अनुत्तीर्ण या पूरक आने वाले परीक्षार्थी भी अपनी पात्रता के अनुसार क्रेडिट योजना के तहत फेल वाले विषयों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

