सक्ती। जिले के जैजैपुर से मालखरौदा तक बीती रात अज्ञात बदमाशों ने सडक़ किनारे खड़ी कई कार के शीशे फोड़ दिए। मिशन चौक, पिहरीद और कलमी गांव समेत कई स्थानों पर हुई इस तोडफ़ोड़ ने पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक नजर आए हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, तोडफ़ोड़ की यह घटना जैजैपुर क्षेत्र से शुरू होकर मालखरौदा तक फैली। बदमाशों ने रास्ते में सडक़ किनारे खड़े कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए। सुबह जब वाहन मालिकों ने अपनी गाडिय़ों के टूटे शीशे देखे तो वे हैरान रह गए। कई पीडि़तों ने बताया कि उनकी कारें घरों के सामने या मुख्य सडक़ किनारे खड़ी थीं, जिन्हें देर रात निशाना बनाया गया।
घटना सामने आने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पूरे इलाके में भय और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से एक के बाद एक वाहनों को निशाना बनाया। लगातार हुई इन वारदातों से कानून व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
सोमवार सुबह क्षेत्रवासियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध गतिविधियां करते हुए दिखाई दिए हैं। बताया जा रहा है कि ये तीनों ही आरोपी जैजैपुर से मालखरौदा तक विभिन्न स्थानों पर खड़ी कारों के शीशे फोड़ते हुए कैमरे में कैद हुए हैं।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक पर पीछे बैठा युवक सडक़ किनारे खड़ी कार देखते ही रुककर उसके शीशे पर हमला कर देता था। बाइक चालक लगातार वाहन आगे बढ़ाता रहा, जबकि तीसरा युवक भी उनके साथ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे थे। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी तेजी से अगले स्थान की ओर बढ़ जाते और वहां खड़ी गाडिय़ों को नुकसान पहुंचाते थे। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जैजैपुर से मालखरौदा तक लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।
इस घटना के बाद मालखरौदा पुलिस की कार्यशैली और रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था भी कटघरे में आ गई है। जिन स्थानों पर वाहनों के कांच तोड़े गए, वे अधिकांश इलाके मालखरौदा थाना से अधिक दूर नहीं बताए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस लगातार रात्रि गश्त के दावे करती है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में वाहनों को नुकसान पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। लोगों का कहना है कि यदि मुख्यालय क्षेत्र में ही बदमाश खुलेआम उत्पात मचा रहे हैं तो दूरस्थ गांवों की सुरक्षा व्यवस्था का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं क्षेत्रवासियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है।
Wednesday, May 20
सडक़ किनारे खड़े कार के शीशे को तोड़ा बदमाशों ने
Previous Articleजिले के मेधावी विद्यार्थियों का किया गया सम्मान
Related Posts
Add A Comment
About Us
Editor & Publisher: Manoj Shukla
Co-Editor: Mohammad Shah Aalam
Office Address:
VV Vihar Colony, Street No. 07,
Mova, Raipur, Chhattisgarh – 492001
India
Important pages
© 2026 News India Live 36.

