जांजगीर। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश के बाद खनिज माफियाओं पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को खनिज विभाग की टीम ने जैजैपुर और चन्द्रपुर क्षेत्रों में छापेमारी कर अवैध परिवहन में लगे 6 वाहनों को जब्त किया।
खनिज अधिकारी केके बंजारे के मार्गदर्शन और खनिज निरीक्षक टुमेश कुमार ध्रुव के नेतृत्व में उडऩदस्ता दल ने सुबह विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर टीम ने ग्राम जैजैपुर और चन्द्रपुर में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान अवैध रूप से खनिज परिवहन करते वाहनों को पकड़ा गया। जैजैपुर क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन के 2 मामले और ईंट के अवैध परिवहन का 1 मामला दर्ज किया गया है।
वहीं चन्द्रपुर क्षेत्र में चूना पत्थर के अवैध परिवहन के 3 मामलों में कार्रवाई की गई। खनिज विभाग ने जब्त किए गए सभी वाहनों को संबंधित थाना जैजैपुर और चन्द्रपुर की अभिरक्षा में खड़ा कराया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

