कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत के बाद नई सरकार के गठन की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आठ मई, शुक्रवार को कोलकाता में भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नेता यानी नए मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा।
उसके अगले दिन नौ मई, शनिवार को कविगुरु रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती के दिन नई सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में आयोजित किया जाएगा।
शपथ ग्रहण के दिन पार्टी कार्यालयों में बजेगा रवींद्र संगीत
प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने शपथ ग्रहण के दिन राज्य में अपने सभी पार्टी कार्यालयों में रवींद्र संगीत बजाने का निर्देश दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
शमिक ने बताया कि शपथ समारोह नौ मई को सुबह 10 बजे से होगा। उससे एक दिन पहले आठ मई की शाम करीब चार बजे नए नेता के चुनाव को नवनिर्वाचित पार्टी विधायक दल की बैठक होगी।
मुख्यमंत्री की रेस में सुवेंदु सबसे आगे
पार्टी सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री शाह गुरुवार दिन में पटना में बिहार के नए मंत्रिमंडल के शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने के बाद दोपहर बाद ही कोलकाता पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री पद की रेस में भवानीपुर में सीएम व तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे चल रहे हैं। सुवेंदु ने इस बार दो सीटों भवानीपुर के अलावा अपनी परंपरागत नंदीग्राम से भी जीत दर्ज की है।

