नई दिल्ली| रुपया सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 54 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 96.35 (अस्थायी) पर रहा। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, वैश्विक अनिश्चितताओं और मजबूत डॉलर के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव कायम है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव से वैश्विक बाजार धारणा प्रभावित बनी हुई है। इसके अलावा कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से भारत सहित उभरती अर्थव्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ा है।
दिन भर में कहां से कहां पहुंचा रुपया
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 96.19 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह और टूटकर 96.39 प्रति डॉलर तक पहुंच गया। अंत में रुपया 96.35 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव से 54 पैसे की गिरावट है। रुपया शुक्रवार को पहली बार 96 प्रति डॉलर के स्तर से नीचे फिसल गया था और 95.81 प्रति डॉलर के सर्वकालिक निचले स्तर पर बंद हुआ था।
दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत गिरकर 99.14 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.65 प्रतिशत बढ़कर 109.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने शुक्रवार को 1,329.17 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। भारतीय रिजर्व बैंक के अनुसार आठ मई को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 6.29 अरब डॉलर बढ़कर 696.98 अरब डॉलर हो गया। इससे पिछले सप्ताह विदेशी मुद्रा भंडार 7.79 अरब डॉलर घटकर 690.69 अरब डॉलर रह गया था।

