नई दिल्ली। ट्विशा शर्मा की शादी को छह महीने हुए थे कि वे अपने ससुराल में मृत पाई गई। ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने अपनी बेटी का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की है। ट्विशा शर्मा के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके ससुराल वालों ने शायद मामले को दबाने की कोशिश की है। पत्रकारों से बात करते हुए, नव निधि शर्मा ने मांग की कि उनकी बेटी का शव सड़ने से पहले दिल्ली-AIIMS लाया जाए, ताकि मौत की असली वजह का पता चल सके। ट्विशा के पिता ने अपनी बेटे पर लगे ड्रग्स लेने के आरोपों को खारिज करते हुए अपने दामाद पर आरोप लगाए हैं। नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाया कि उनके दामाद के खिलाफ ड्रग्स से जुड़ा केस दर्ज होना चाहिए, क्योंकि वो ड्रग्स का आदी है।
दामाद पर लगाए ड्रग्स लेने के आरोप
3 साल की ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने पति समर्थ सिंह के घर पर फंदे से लटकी मिली थीं। पुलिस के मुताबिक, ट्विशा और समर्थ 2024 में एक डेटिंग एप के जरिए मिले थे और दिसंबर 2025 में दोनों ने शादी कर ली। ट्विशा के परिवार ने उनके पति और सास पर हत्या का आरोप लगाया है। ट्विशा के पिता ने कहा, ‘हम मांग करते हैं कि शव सड़ने से पहले तुरंत दूसरा पोस्टमार्टम किया जाए। शव को AIIMS-दिल्ली ले जाया जाना चाहिए।
ट्विशा के परिवार वालों का कहना है कि हम सुप्रीम कोर्ट की देखरेख में एक स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं। वे ड्रग्स के बारे में आरोप लगा रहे हैं, लेकिन वे आरोप झूठे हैं। ट्विशा के पिता ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया, ‘असल में, अगर ड्रग्स से जुड़ा कोई केस बनना है, तो वह उनके अपने बेटे के खिलाफ बनना चाहिए, क्योंकि पूरी दुनिया जानती है कि वह बहुत ज्यादा ड्रग्स का आदी है। मुझे पूरा शक है कि यह हत्या थी।’

